चैत्र नवरात्रि शक्ति की साधना का महापर्व है। आज नवरात्रि का दूसरा दिन है, जो माता ब्रह्मचारिणी की उपासना को समर्पित है। भक्त अपने घरों और मंदिरों में मां की अखंड ज्योत प्रज्वलित कर नौ दिनों तक श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना करते हैं। ज्योतिष शास्त्र और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पूजा घर के अलावा घर के कुछ विशेष हिस्सों में दीपक जलाना अत्यंत शुभ माना गया है। आइए जानते हैं वे कौन से स्थान हैं जहां दीप दान करने से माता रानी का आशीर्वाद कई गुना बढ़ जाता है।
घर के इन कोनों में जलाएं दीपक
- मुख्य द्वार (देहरी): घर का प्रवेश द्वार सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत होता है। नवरात्रि की शाम सूर्यास्त के बाद मुख्य द्वार के दाईं ओर घी या तेल का दीपक जरूर जलाएं। माना जाता है कि इससे घर की दरिद्रता दूर होती है और माता लक्ष्मी का आगमन होता है।
- तुलसी का चौंरा: तुलसी को साक्षात लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है। नवरात्रि के दौरान तुलसी के पास नियमित रूप से शाम को दीपक रखने से घर का वास्तु दोष खत्म होता है और सुख-समृद्धि आती है।
- रसोई घर: किचन में मां अन्नपूर्णा का वास होता है। रात के समय रसोई में एक छोटा दीपक जलाकर रखने से घर में कभी भी अन्न और धन की कमी नहीं होती।
- तिजोरी या धन स्थान: जहां आप अपनी मेहनत की कमाई रखते हैं, उस अलमारी या तिजोरी के पास दीपक जलाना शुभ है। इससे अनावश्यक खर्च रुकते हैं और बरकत बनी रहती है।
- आंगन या घर का मध्य भाग: वास्तु के अनुसार घर का आंगन ब्रह्म स्थान होता है। यहां दीपक जलाने से परिवार के सदस्यों के बीच कलह दूर होती है और मानसिक शांति मिलती है।