CG Weather News: छत्तीसगढ़ के इन जिलों में गिरेंगे ओले! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, तापमान में आएगी गिरावट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर दर्ज किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद पारा 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

शनिवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो हसौद, भटगांव और देवभोग में एक-एक सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

मौसम प्रणाली और प्रभाव

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका पश्चिम बंगाल से लेकर ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना होते हुए तमिलनाडु तक फैली हुई है। इस सिस्टम के प्रभाव से रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा होने के आसार हैं। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

आगामी दिनों का पूर्वानुमान

आने वाले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान ओलावृष्टि, वज्रपात और तेज हवाओं की भी आशंका है। राजधानी रायपुर की बात करें तो 29 मार्च को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *