रायपुर। CG VIDHANSABHA : छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीत सत्र में पहले ही दिन धान खरीदी का मसला उठा। खरीदी अव्यवस्था का मुद्दा शून्यकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने उठाया। श्री बघेल ने कहा कि, सरकार ने धान खरीदी में ध्यान नहीं दिया। जो व्यवस्था थी उसको बर्बाद कर दिया है। वहीं विपक्ष ने मामले में जांच कराने की मांग की जिसपर मंत्री ने इंकार कर दिया, जिसके बाद मराज सभी विपक्षी सदस्यों ने वॉकआउट कर दिया।
मामला उठाते हुए श्री बघेल ने कहा कि, खरीदी केंद्रों में बारदाने की कमी है। टोकन में ऑनलाइन और ऑफलाइन के चक्कर में किसान पिसते जा रहे हैं। एक महीने से ऊपर हो गया एक तिहाई ही धान खरीदी हो पाई है। उन्होंने कहा कि, राइस मिलर हड़ताल पर हैं, परिवहन हो नहीं रहा है। खरीदी केंद्रों में धान जाम है, कई जिलों में धान का उठाव नहीं हो रहा है।
चंद्राकर बोले और मच गया हंगामा
इसके अलावा भूपेश बघेल ने कहा कि, समझ में नहीं आ रहा है कि, सरकार में चलती किसकी है। इस टोकते हुए वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा- भूपेश बघेल सदन में भाषण न दें। श्री चंद्राकर के ऐसा कहने पर विपक्ष की ओर से जमकर नारेबाजी शुरू हो गई। पक्ष और विपक्षी सदस्यों के बीच तीखी नोक- झोंक भी हुई। भूपेश बघेल ने कहा- सिमगा सोसायटी में धान की नमी के नाम पर किसानों से वसूली की जा रही है, सरकार किसानों का धान खरीदना नहीं चाहती।
इसके बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल, चरणदास महंत और अटल श्रीवास्तव ने बारदाने के कम वजन होने की जांच की मांग की, जिसपर मंत्री ने जांच से इंकार कर दिया, जिसपर विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए नाराजगी जताई और सभी विपक्षी सदस्यों ने सदन से वॉक आउट कर दिया।
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा का मुद्दा
इससे पहले प्रश्नकाल के दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बिलासपुर जिले में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि, जिले के कई जगहों की भूमि पर अवैध कब्जा हुआ है। जवाब में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि, 2021 से 2024 के बीच सरकारी भूमि पर कब्जे की 563 शिकायतें मिली हैं। सुशांत शुक्ला ने कहा कि, कितने अफसरों पर कार्यवाही हुई। इस पर जवाब देते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि, अभी पट्टे का वितरण नहीं हुआ है। पिछली सरकार में गलत ढंग से गलत पट्टा बंटा हो तो उसकी जांच कराएंगे। विधायक धरमजीत सिंह ने कहा कि, सरकारी जमीन पर अफरा-तफरी हुई है। राजस्व मंत्री टंक राम ने कहा कि, शिकायतों की जांच कलेक्टर से कराएंगे।
 
	
 
											 
											 
											 
											