सरायपाली : स्थानीय विधायक चातुरी नंद ने सरायपाली नगर पालिका परिषद में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन देने धरना स्थल पहुंची और उनकी मांगों का समर्थन करते हुए शासन प्रशासन को संज्ञान लेते हुए उनके जल्द निराकरण की मांग की।
प्लेसमेंट कर्मचारियों के धरना को संबोधित करते हुए विधायक चातुरी नंद ने कहा कि भाजपा सरकार जब से आई है तब से कर्मचारियों के अधिकारों पर डाका डालने का काम कर रही है। नगर पालिका परिषद के प्लेसमेंट कर्मचारियों को सीधे भुगतान ना कर एजेंसी के माध्यम से वेतन भुगतान किया जा रहा है जो कि अनुचित है। नगर पालिका द्वारा प्लेसमेंट कर्मचारियों से काम तो पूरा लिया जा रहा है लेकिन वेतन भत्ता और किसी प्रकार की अन्य सुविधा नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मैं कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करती हूं और प्रदेश के मुख्यमंत्री, नगरीय निकाय मंत्री और उच्चाधिकारियों से उनके मांगो को जल्द निराकरण करने की मांग करती हूं।
विधायक नंद ने प्रदेश की भाजपा सरकार को कर्मचारी विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि यह सरकार कर्मचारियों के हक अधिकार पर डाका डाल रही है जिससे सभी विभाग के कर्मचारी सरकार से नाराज है। इस सरकार में सबसे ज्यादा प्रताड़ित दैनिक वेतन भोगी, अनियमित और संविदा कर्मचारी है। साय सरकार के पास बॉलीवुड के बड़े कलाकारों को करोड़ों रुपए भुगतान करने के लिए पैसा तो है लेकिन दिन रात आम जनता की सेवा करने वाले कर्मचारियों के लिए पैसे की कमी है।
धरना स्थल में विधायक चातुरी नंद के साथ शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरएन आदित्य, पार्षद सुरेश भोई, वरिष्ठ कांग्रेस नेता परमानंद नायक, सुरेश पटेल, दुष्यंत साहू कांग्रेस कार्यकर्ता और प्लेसमेंट कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।