CG News: जूर गांव में 95 एकड़ शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा, प्रशासन ने की धान की कटाई, दो पक्षों में झड़प

सूरजपुर: मोबीन खान/ सूरजपुर के जूर गांव में लगभग 95 एकड़ शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के आरोपों को लेकर ग्रामीणों का हंगामा जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ व्यक्तियों ने इस भूमि पर कब्जा कर खेती शुरू कर दी है, जिससे नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने धान की कटाई का निर्णय लिया।

बीते कल जब ग्रामीणों ने फसल काटनी शुरू की, तो दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान मारपीट की घटना में दो लोग घायल हो गए। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव किया और पटवारी की कार के कांच भी तोड़ दिए।

प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए तुरंत कार्रवाई की। समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए। आज एसडीएम सागर सिंह और राजस्व अमला के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। सुरक्षा के बीच प्रशासन ने शासकीय भूमि में लगी धान की फसल की कटाई शुरू कर दी।

Related News

एसडीएम सागर सिंह ने बताया कि मामला राजस्व न्यायालय में विचाराधीन है। वर्तमान में फसल को काटकर तीसरे पक्ष को सुपुर्द किया जाएगा, और फसल की नीलामी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस पक्ष के पक्ष में न्यायालय का फैसला आएगा, उसे फसल की राशि दी जाएगी।

इस घटना ने क्षेत्र में तनाव पैदा कर दिया है, और प्रशासन मामले को सुलझाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है। अब देखना होगा कि न्यायालय का फैसला इस विवाद को कैसे प्रभावित करता है।

 

Related News