CG News: कृषि विभाग के उप संचालक पर महिला अधिकारी ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप, कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा। जिले में कृषि विभाग की एक महिला अधिकारी ने उप संचालक ललित मोहन भगत पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। महिला अधिकारी ने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

क्या है मामला
जांजगीर-चांपा के अकलतरा विकासखंड में पदस्थ महिला आरईओ ने आरोप लगाया कि उप संचालक द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर उन्हें वेतन रोकने और मनमाने आदेश देने जैसी प्रताड़ना दी गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वे अपने बीमार माता-पिता की देखभाल करती हैं और पूर्व में उनके पदांतरण की अनुमति भी दी गई थी। बावजूद इसके वर्तमान उप संचालक ने उनकी प्रतिनियुक्ति को गलत ठहराते हुए उन्हें पुराने ब्लॉक में लौटने का दबाव बनाया।

जब महिला अधिकारी ने विरोध किया, तो उन्हें शासकीय निवास में बुलाया गया और वेतन रोक दिया गया। शिकायत के बाद कलेक्टर के आदेश पर वेतन तो बहाल किया गया, लेकिन प्रताड़ना जारी रही।


कलेक्टर की कार्रवाई
कलेक्टर जनमेजय महोबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारी की शिकायत पर महिला अधिकारियों की जांच टीम बनाई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।


महिला अधिकारी का हौसला
महिला आरईओ ने अपने ऊपर हुए उत्पीड़न के खिलाफ अकेले मोर्चा खोला है। उन्होंने संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन संगठन के पदाधिकारियों ने सहयोग से इनकार कर दिया। इसके बावजूद महिला अधिकारी ने दोषियों को बेनकाब करने का मन बना लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *