राजनांदगांव शहर के वीआईपी कॉलोनी अंतर्गत सृष्टि कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम और अतिक्रमणकारियों के बीच जमकर विवाद हो गया। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब निगम प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई। विवाद में स्थानीय वार्डवासी भी शामिल हो गए, जिससे मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रित किया। पुलिस की दखल के बाद मामला शांत हुआ।
तीन दिन का समय मांगने पर रुकी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के तोड़ू दस्ते द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई थी। इसी दौरान अतिक्रमणकारियों ने निगम प्रशासन से तीन दिन का समय मांगा, जिसके बाद फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी गई।
वहीं, आक्रोशित वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर सृष्टि कॉलोनी से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो वे सड़क पर बैठकर चक्का जाम करेंगे।
बार-बार नोटिस के बावजूद नहीं हटाया गया अतिक्रमण
गौरतलब है कि शहर के वार्ड नंबर 45 स्थित सृष्टि कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर कॉलोनी के कुछ लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किया गया है। इस संबंध में कई बार शिकायतें की गई थीं। नगर निगम द्वारा अतिक्रमणकारियों को दो से अधिक बार नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
इसी के चलते नगर निगम का तोड़ू दस्ता जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचा था। जैसे ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई, विवाद गहरा गया और स्थिति बिगड़ने लगी, जिसके बाद प्रशासन को अस्थायी रूप से तीन दिन की मोहलत देनी पड़ी।
फिलहाल पुलिस और नगर निगम प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और आगे की कार्रवाई समय सीमा पूरी होने के बाद की जाएगी।