रमेश गुप्ता
भिलाई । अवैध कबाड़ एवं स्क्रैप कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 60 टन लोहे का स्क्रैप, 200 किलोग्राम तांबा तथा कई वाहन जप्त किए हैं। इस कार्रवाई में नौ लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ACCU क्राइम ब्रांच दुर्ग तथा थाना जामुल, सुपेला और कुम्हारी की संयुक्त टीम ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी। थाना जामुल क्षेत्र के एक परिसर में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कबाड़ का संग्रहण कर उसे काटकर बेचने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने छापा मारा। मौके से बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, पाइप, चैनल, दरवाजे, रॉड तथा भारी लोहे के कल-पुर्जे बरामद किए गए। इसके साथ ही करीब 200 किलो तांबा भी मिला, जो तारों को जलाकर निकाला गया प्रतीत हो रहा है। परिसर से गैस कटर सेट और गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए।

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से स्क्रैप के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन कोई भी व्यक्ति खरीद-फरोख्त से संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर संदेहास्पद संपत्ति मानते हुए सामग्री को BNSS के प्रावधानों के तहत जप्त कर लिया गया।
पुलिस टीम ने जिले के अन्य कबाड़खानों की भी जांच की, जहां से बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, पुराने दोपहिया वाहन और धातु कटिंग उपकरण बरामद किए गए। संयुक्त कार्रवाई में कुल लगभग 60 टन लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है, जप्त किया गया। इसके अलावा तीन ट्रक और तीन छोटा हाथी वाहन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।

इस मामले में हीरामन साहू, राकेश मिश्रा, समरुद्दीन, राधिका साहू, सितारे उर्फ मोहम्मद इमरान, मनोज उर्फ मन्नू गुप्ता, श्रवण कुमार देवांगन, अजमत हुसैन और धीरज चंद्राकर के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।