CG Crime: शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8.45 करोड़ की ठगी, आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 8 करोड़ 45 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, विभिन्न बैंकों की 12 चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल फोन और करीब 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

ऐसे रचा गया ठगी का जाल

पीड़ित भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष), जो पेशे से अकाउंटेंट हैं, ने 30 जनवरी को चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में उनकी पहचान चांपा निवासी मेहंदी लाल देवांगन के माध्यम से कोलकाता निवासी विश्वजीत देवनाथ से हुई थी।

आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश पर हर महीने 5 प्रतिशत ब्याज देने का लालच दिया। साथ ही, अन्य लोगों से निवेश कराने पर कमीशन देने का भी वादा किया। भरोसा दिलाने के लिए शुरुआती दौर में कुछ निवेशकों को एक-दो महीने और कुछ को आठ महीने तक 5 प्रतिशत मासिक रिटर्न भी दिया गया, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ गया।

करोड़ों रुपये का निवेश, फिर मुकर गया आरोपी

पीड़ित ने खुद और अन्य लोगों से कुल 8.45 करोड़ रुपये नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से निवेश कराए। कुछ समय बाद आरोपी ने कंपनी को घाटा होने का हवाला देते हुए भुगतान टालना शुरू कर दिया और बाद में रकम लौटाने से साफ मुकर गया।

शिकायत के आधार पर चांपा थाने में आरोपी विश्वजीत देवनाथ एवं अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पश्चिम बंगाल से हुई गिरफ्तारी

जांच के दौरान पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले से आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ठगी की रकम से उसने एक क्रेटा कार खरीदी, सोना लिया, घर की पुताई कराई और कुछ सोना आईडीबीआई बैंक में जमा कराया।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि ठगी में और कौन-कौन शामिल हैं तथा कुल कितने लोगों से रकम वसूली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *