गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नायब तहसीलदार दोनोश साहू की तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना छुरा थाना क्षेत्र के सारागांव पापराही के पास हुई। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही बोलेरो (वाहन क्रमांक CG 02 AU 0138) ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के वक्त बोलेरो में नायब तहसीलदार दोनोश साहू मौजूद थे, हालांकि वे सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही छुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।