रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अज्ञात उपद्रवियों ने यूथ कांग्रेस नेता विनोद कश्यप उर्फ भक्कू के घर के बाहर खड़ी दो कारों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शरारती तत्वों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ियों पर पेट्रोल डालकर आगजनी की वारदात को अंजाम दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों कारें बुरी तरह जल गईं। कांग्रेस नेता विनोद कश्यप ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए इसे पुलिस की बड़ी लापरवाही बताया है। उन्होंने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के साथ-साथ आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक तौर पर इसे आपसी रंजिश या दहशत फैलाने की नीयत से की गई वारदात माना जा रहा है।