सावधान! यूपी में चाइनीज मांझा इस्तेमाल किया तो दर्ज होगा मर्डर केस

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे के कारण हो रही लगातार दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश में इसके इस्तेमाल और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रतिबंधित मांझे के कारण किसी व्यक्ति की जान जाती है, तो इसे हत्या की श्रेणी में रखा जाएगा और दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश भर में सघन छापेमारी अभियान चलाकर चाइनीज मांझे की बिक्री और उपलब्धता को तत्काल रोका जाए। उन्होंने इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान कर दोषियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से पूछा कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में इसकी उपलब्धता कैसे बनी हुई है। उन्होंने इस अभियान की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा करने की बात भी कही है।

राजधानी लखनऊ में बुधवार को एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की मांझे से गला कटने के कारण हुई दर्दनाक मौत के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है। आंकड़ों के अनुसार बीते एक साल में इस तरह की आठ बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रमुखों को दो टूक निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में अवैध मांझे की जब्ती के लिए निरंतर अभियान चलाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *