कोरबा: पूर्व गृह मंत्री के बेटे संदीप कंवर पर मामला दर्ज, नशे में कार से दुकान को मारी टक्कर

कोरबा। पूर्व गृह मंत्री ननकी कंवर के बेटे संदीप कंवर के खिलाफ कोरबा कोतवाली थाने में एक नया आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पर नशे की हालत में कार चलाने, दुकान को टक्कर मारने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने का आरोप है।

घटना बुधवार की है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के इतवारी बाजार में संदीप कंवर ने अपनी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक दुकान में घुसा दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों से उन्होंने जमकर गाली-गलौज और विवाद किया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाने से पुलिस टीम पहुंची और संदीप कंवर को थाने ले आई।

आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद भी संदीप कंवर का हंगामा जारी रहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि अपने पिता का रौब दिखाते हुए पुलिस को देख लेने की धमकी दी। पुलिस ने अल्कोहल मीटर के जरिए उनकी जांच की, जिसमें वे नशे में पाए गए। इसके बाद आरोपी पुलिस को चुनौती देते हुए अपनी गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली में पदस्थ आरक्षक ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने पुष्टि की है कि आरक्षक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *