दिल्ली में गणतंत्र दिवस से पहले अशांति फैलाने की साजिश के आरोप में गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ केस दर्ज

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी में अशांति फैलाने की कथित साजिश रचने के आरोप में सिख फॉर जस्टिस के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। स्पेशल सेल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 197, 152 और 61 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

यह कार्रवाई पन्नू द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के आधार पर हुई है। वीडियो में पन्नू ने दावा किया था कि उसके स्लीपर सेल के सदस्यों ने दिल्ली के रोहिणी और डाबरी इलाकों में खालिस्तान समर्थक पोस्टर लगाए हैं तथा भारत विरोधी नारे लिखवाए हैं।

पुलिस के अनुसार पन्नू ने बुधवार को जारी वीडियो में कहा था कि उसके संगठन के सदस्यों ने दिल्ली में दो जगहों पर देश विरोधी नारे लिखे हैं। हालांकि स्पेशल सेल की प्रारंभिक जांच में रोहिणी और डाबरी इलाकों में ऐसे कोई पोस्टर या नारे नहीं मिले हैं। जांच में दावे की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोहों से पहले किसी भी प्रकार की अशांति या सुरक्षा खतरे को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं और पन्नू की गतिविधियों तथा उसके नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *