सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच इसके दुरुपयोग के मामले भी सामने आ रहे हैं। इंदौर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर दोस्ती से इनकार करने पर एक नाबालिग को अश्लील संदेश भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हीरानगर क्षेत्र में रहने वाली एक नाबालिग को एक युवक ने इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती का प्रस्ताव भेजा था। युवती द्वारा इनकार किए जाने पर आरोपी ने उसे लगातार अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेजने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने नाबालिग के परिवारजनों को भी गंदे संदेश भेजकर परेशान किया।
लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर नाबालिग अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने साइबर सेल और तकनीकी टीम को सक्रिय कर दिया। पुलिस इसे साइबर स्टॉकिंग का गंभीर मामला मानते हुए जांच कर रही है।
पुलिस द्वारा आरोपी के सोशल मीडिया प्रोफाइल, भेजे गए संदेश, लिंक और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साथ ही इंस्टाग्राम से तकनीकी जानकारी भी मांगी गई है, ताकि आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके।
डीसीपी व्यास ने बताया कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं और नाबालिगों को परेशान करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।