जलते शव और बिखरा मलबा: बारामती में अजित पवार के विमान हादसे का खौफनाक मंजर

बारामती। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया है, वे 66 वर्ष के थे। बुधवार सुबह 8:45 बजे बारामती में उनका निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान यह बड़ा हादसा हुआ। इस विमान में अजित पवार के साथ उनके पर्सनल असिस्टेंट, सुरक्षाकर्मी और क्रू स्टाफ समेत कुल 5 लोगों की जान चली गई है।

हादसे की जगह से जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, वे बेहद विचलित करने वाले हैं। विमान एक खेत में क्रैश हुआ है और पूरी तरह जलकर राख हो चुका है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दुर्घटना स्थल पर विमान के परखच्चे उड़े हुए हैं, मलबे से तेज धुआं उठ रहा है और शव जल रहे हैं। विमान के गिरते ही उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि अजित पवार मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। पुणे में 5 फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के सिलसिले में उनकी वहां कई महत्वपूर्ण बैठकें होनी थीं, लेकिन इन बैठकों में पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया। यह विमान एक निजी कंपनी का चार्टर्ड प्लेन था जो लैंडिंग स्ट्रिप के पास पहुंचते ही क्रैश हो गया।

अजित पवार का यह आकस्मिक निधन देश के उन बड़े राजनीतिक नेताओं की याद दिलाता है जिन्होंने विमान या सड़क हादसों में अपनी जान गंवाई। इनमें 1980 में संजय गांधी, 2001 में माधवराव सिंधिया, 2002 में लोकसभा अध्यक्ष जी.एम.सी. बालयोगी, 2009 में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. राजशेखर रेड्डी और 2014 में गोपीनाथ मुंडे जैसे दिग्गज शामिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *