भाजपा नेता के अवैध कॉम्प्लेक्स पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन से हटाया गया कब्जा

बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। घोड़ाडोंगरी तहसील के चोपना बाजार में शनिवार को भाजपा नेता तपन विश्वास द्वारा सरकारी जमीन पर बनाए गए अवैध कॉम्प्लेक्स को जमींदोज कर दिया गया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (CM Helpline) में हुई शिकायत और हाईकोर्ट से अपील खारिज होने के बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।

बाजार की कीमती जमीन पर था कब्जा जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता तपन विश्वास ने चोपना के मुख्य बाजार में शासकीय भूमि पर कब्जा कर एक बड़ा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स खड़ा कर लिया था। इस कॉम्प्लेक्स में करीब 12 से 15 दुकानें बनाई गई थीं, जिनमें से आधी दुकानें बेची भी जा चुकी थीं। तहसीलदार ने इस मामले में पहले ही 40 हजार रुपये के जुर्माने का नोटिस जारी किया था, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया था।

हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत इस अवैध निर्माण के खिलाफ मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था, लेकिन अदालत ने अतिक्रमणकारी की अपील को खारिज कर दिया। इसके बाद शनिवार को एसडीएम और तहसीलदार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से अवैध दुकानों को ढहाना शुरू किया। इस कार्रवाई की जद में भाजपा नेता के साथ ही 3-4 अन्य लोगों के अवैध निर्माण भी आए हैं।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर एक्शन इस पूरे मामले की जड़ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत थी। जांच के दौरान पाया गया कि सरकारी जमीन पर रसूख के दम पर कब्जा किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी जमीन हथियाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे किसी भी दल से जुड़े हों। फिलहाल चोपना बाजार में हड़कंप का माहौल है और आने वाले दिनों में कुछ और अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *