रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी 24 जनवरी को सदन के पटल पर साय सरकार का तीसरा बजट पेश करेंगे। इस आगामी बजट को लेकर वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया है कि यह बजट नई थीम और नए विजन के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि बजट की रणनीति वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप तैयार की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि बजट में 2047 के लॉन्ग टर्म प्लान और शॉर्ट टर्म प्लानिंग के तहत विकास का एक स्पष्ट रोडमैप दिखाई देगा।
विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि कांग्रेस केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार राजीव गांधी योजना के तहत चार किस्तों में राशि देती थी, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार हर साल उससे अधिक राशि दे रही है। उन्होंने दावा किया कि हर वर्ष 8000 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में सीधे ट्रांसफर किए जा रहे हैं। मंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार का पूरा ध्यान विकास कार्यों पर केंद्रित है।