दुर्ग। कोतवाली थाना क्षेत्र के शीतला नगर में शुक्रवार रात आठ से अधिक हमलावरों ने जमीन कारोबारी संतोष आचार्य (47) की धारदार हथियार और पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। पैसों के लेनदेन और पुरानी रंजिश को पुलिस ने हत्या का कारण बताया है।
हमलावरों ने गैस कटर से घर का लोहे का गेट काटा, संतोष को बाहर खींचा, कपड़े उतारकर नंगा घुमाया और बाजार ले जाकर बेरहमी से पीटा। रात तीन बजे गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पत्नी रानी सोनी ने बताया कि चार महीने पहले विवाद के कारण वह तीन बेटियों सहित मायके चली गई थी। संतोष शराब पीने लगा था और बाहर वालों से झगड़ा करता था। पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
घटना से एक दिन पहले 7 नवंबर को प्रथम सोनी ने संतोष के खिलाफ मारपीट की एफआईआर दर्ज कराई थी। प्रथम के अनुसार संतोष ने गांधी चौक राम मंदिर के पास गालियां दीं और थप्पड़ मारा था।
शनिवार को पुलिस ने आठ आरोपियों को हिरासत में लिया है। पूछताछ जारी है। एसएसपी ने मामले की गंभीरता से जांच के आदेश दिए हैं। क्षेत्र में दहशत का माहौल है।