तालाब में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत, भाई को बचाने गहरे पानी में कूदी थी मासूम बहन

Jashpur Accident News : जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ तालाब में डूबने से दो सगे भाई-बहन की अकाल मृत्यु हो गई। नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया में रविवार शाम को हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक ही घर के दो चिराग बुझने से गांव में मातम पसरा हुआ है।

महुआ बीनकर लौट रहे थे मासूम जानकारी के मुताबिक, ग्राम कलिया निवासी जितेंद्र दास के दो बच्चे, विष्णु दास (9 वर्ष) और उसकी बड़ी बहन योगिता दास (12 वर्ष) रविवार को पास के जंगल में महुआ बीनने गए थे। दिन भर काम करने के बाद शाम को घर लौटते समय दोनों गांव के तालाब के पास रुके और हाथ-पांव धोने या नहाने के लिए पानी में उतरे।

भाई को बचाने की जद्दोजहद बनी काल इसी दौरान अचानक छोटे भाई विष्णु का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समाने लगा। अपने भाई को डूबता देख योगिता ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी की गहराई और दलदल के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं पाए और एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में दोनों की डूबने से मौत हो गई।

गांव में पसरा सन्नाटा जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे उनके कपड़े और सामान देख अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *