Breaking- करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का निधन

एक्ट्रेस के घर पहुंचे करीना-सैफ और मलाइका, अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर किया था आखिरी पोस्ट

 

बिजनेसमैन और सोना कॉमस्टार कंपनी के चेयरमैन संजय कपूर का गुरुवार को इंग्लैंड में निधन हो गया। वह 53 साल के थे। सोना कॉमस्टार ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि संजय कपूर का निधन हार्ट अटैक आने से हुआ है।

सोना कॉमस्टार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “गहरे दुख के साथ सूचित किया जाता है कि संजय जे. कपूर, जो सोना कॉमस्टार के चेयरमैन और नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर थे, का 12 जून 2025 को इंग्लैंड, यूके में अचानक हार्ट अटैक से 53 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।”

 

सोना कॉमस्टार ने आगे लिखा, “संजय कपूर एक विजनरी लीडर थे। उन्होंने सोना कॉमस्टार को एक ग्लोबल मोबिलिटी टेक्नोलॉजी कंपनी के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। उनका जुनून, विजन और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण, उनके साथ काम करने वाले हर व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत था।

साथ में सोना कॉमस्टार ने ये भी आगे लिखा, व्यावसायिक उपलब्धियों से परे, संजय कपूर एक समर्पित पिता, कई लोगों के मार्गदर्शक, और भारत के मैन्युफैक्चरिंग और मोबिलिटी सेक्टर के मजबूत समर्थक थे। उनका जाना न सिर्फ इंडस्ट्री, बल्कि पूरे ‘सोना परिवार’ के लिए एक अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि सभा से जुड़ी जानकारी जल्द शेयर की जाएगी।”

बता दें कि संजय कपूर, एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति थे। दोनों की शादी 2003 में हुई थी। उनकी एक बेटी समायरा और बेटा कियान है। साल 2014 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक की अर्जी दी और 2016 में तलाक फाइनल हुआ। इसके बाद 2017 में संजय ने मॉडल प्रिया सचदेव से शादी की। प्रिया और संजय का एक बेटा अजारियस है और संजय, प्रिया की पहली शादी से हुई बेटी सफीरा को भी साथ रखते थे।

करीना, सैफ, मलाइका-अमृता करिश्मा के घर पहुंचे

संजय की मौत की खबर के बाद बॉलीवुड से कई सितारे करिश्मा से मिलने उनके घर पहुंचे। करीना कपूर और उनके पति सैफ अली खान भी करिश्मा के घर पहुंचे। इसके अलावा मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा भी देर रात करिश्मा के घर पहुंचीं।

संजय कपूर, दून स्कूल के छात्र रहे हैं और पोलो खेल के बड़े प्रेमी थे। वह अपनी पोलो टीम ‘ऑरियस’ के संरक्षक थे और घटना के समय वो ‘सुझान’ टीम के खिलाफ मैच खेल रहे थे। ‘सुझान’ टीम होटल व्यवसायी जैसल सिंह की है।

संजय कपूर ने अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर किया था अंतिम पोस्ट

बता दें कि अपने निधन से कुछ ही घंटे पहले संजय कपूर ने सोशल मीडिया पर अहमदाबाद प्लेन क्रैश को लेकर दुख जताया था।

संजय कपूर की मौत से कुछ घंटे पहले एक्स पर उनका आखिरी पोस्ट था, “अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की खबर दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन घड़ी में शक्ति प्रदान करे।”

कंगना बोलीं- मधुमक्खी के डंक मारने के बाद हुई संजय की मौत
वहीं, एक्ट्रेस कंगना रनोट ने दावा किया कि संजय कपूर की मौत मधुमक्खी के डंक मारने के बाद हुई। कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “एक और अविश्वसनीय घटना में, संजय कपूर जो कि करिश्मा कपूर के एक्स हस्बैंड हैं, पोलो ग्राउंड में खेल रहे थे। तभी एक मधुमक्खी उनके मुंह में चली गई (हां, पोलो ग्राउंड पर मधुमक्खी!)। उसने उन्हें डंक मारा जिससे उनकी सांस की नली ब्लॉक हो गई। वो सांस नहीं ले पा रहे थे, उन्होंने खेल रोकने को कहा, लेकिन तुरंत ही उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। यह बहुत ही दुखद खबर है।”

अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनोट ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में संजय कपूर की मौत के बारे में लिखकर दावा किया कि उनके मुंह में एक मधुमक्खी घुस गई थी। कंगना ने आगे लिखा, “सच कहूं तो अब मैं थक चुकी हूं ये समझने की कोशिश करते-करते कि 2025 हमारे जीवन में इतनी अजीब घटनाएं क्यों ला रहा है। सभी लोग अपना ध्यान रखें और भगवान से प्रार्थना करते रहें।”