BREAKING: भीषण सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के 4 जवान शहीद, एक गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।

जानकारी के मुताबिक, घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी बाईपास के पास हुई। बताया जा रहा है कि जगदलपुर स्थित 201 कोबरा बटालियन से जवानों को लेकर आ रही एक डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे जवानों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। दुर्घटना में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य जवानों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक जवान का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

इस हादसे ने सुरक्षा बलों और स्थानीय प्रशासन को झकझोर कर रख दिया है। अधिकारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *