कोलकाता: नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शिलॉन्ग जाने वाले इंडिगो के एक विमान में बम होने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना शनिवार सुबह उस समय हुई जब विमान उड़ान भरने की तैयारी में था। पायलट को विमान के टॉयलेट में एक पर्ची मिली, जिसमें बम होने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को खाली कराकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E3074 सुबह 9:15 बजे शिलॉन्ग के लिए प्रस्थान करने वाली थी। बोर्डिंग के दौरान ही संदिग्ध पर्ची मिलने के बाद विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में ले जाया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारकर गहन तलाशी ली गई और हवाई अड्डे पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। सुरक्षा जांच में कुछ भी संदिग्ध न मिलने के बाद विमान ने सुबह 11:30 बजे अपने गंतव्य के लिए उड़ान भरी। अधिकारी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि विमान में वह पर्ची किसने रखी थी।