महासमुंद के जंगल में मिला लापता नाबालिग का शव, गर्लफ्रेंड से मिलने के बाद से था गायब

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत जंगल में एक नाबालिग का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान बलौदाबाजार जिले के ग्राम सर्वा निवासी 17 वर्षीय उद्रेश वर्मा के रूप में की गई है। वह पिछले 15 दिनों से लापता था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उद्रेश 29 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ मड़ाई मेला देखने गया था। वापसी के दौरान उसने बसना के जमनीडीह गांव में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने की बात कही और रात करीब 11 बजे वहां पहुंच गया। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। अगले दिन 30 जनवरी को उसके दोस्त ने भंवरपुर चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

तलाश के दौरान पुलिस को गांव के पास से उद्रेश का मोबाइल बरामद हुआ था। डॉग स्क्वॉड और तकनीकी सहायता से की जा रही खोजबीन के बाद गुरुवार दोपहर युवती के गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उसका शव मिला। शव की स्थिति काफी खराब थी और कुछ हिस्सों को जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया था। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि शव के डीकंपोज होने के कारण उसे पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। पुलिस फिलहाल मृतक की गर्लफ्रेंड और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है। हालांकि घटनास्थल पर संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *