अमेरिका के कैलिफोर्निया में लापता भारतीय छात्र साकेत का शव बरामद, स्वदेश लाने की तैयारी शुरू

सैन फ्रांसिस्को। अमेरिका के कैलिफोर्निया में पिछले छह दिनों से लापता 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद कर लिया गया है। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया है। साकेत का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले साकेत श्रीनिवासैया यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले में केमिकल और बायो मॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री कर रहे थे। आईआईटी मद्रास के पूर्व छात्र रहे साकेत को आखिरी बार 9 फरवरी को यूनिवर्सिटी कैंपस से करीब एक किलोमीटर दूर देखा गया था। इसके बाद से ही उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। तलाश के दौरान एक पार्क के पास स्थित घर से साकेत का बैग बरामद हुआ था, जिसमें उनका पासपोर्ट और लैपटॉप सुरक्षित था।

साकेत के लापता होने के बाद स्थानीय पुलिस और भारतीय समुदाय ने मिलकर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया था। 14 फरवरी को स्थानीय पुलिस ने लेक एंजा से साकेत का शव बरामद किया, जिसकी आधिकारिक पुष्टि 15 फरवरी को की गई। पिछले कुछ वर्षों में विदेशों में भारतीय छात्रों के साथ होने वाली ऐसी घटनाओं में वृद्धि देखी गई है, जिससे प्रवासी भारतीयों में चिंता बढ़ गई है।

भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि वे स्थानीय पुलिस और प्रशासन के निरंतर संपर्क में हैं। दूतावास के अधिकारी पीड़ित परिवार के साथ सीधे संवाद कर रहे हैं और कानूनी औपचारिकताओं को जल्द पूरा कर पार्थिव शरीर को भारत भेजने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *