बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बड़ा हादसा हो गया। भैरमगढ़ ब्लॉक के ग्राम उसपरी के पास इंद्रावती नदी पार करते समय एक नाव पलट गई। नाव में सवार 6 ग्रामीणों में से 4 लोग नदी के तेज बहाव में बह गए, जबकि 2 लोगों को ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया। लापता लोगों में 2 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, भैरमगढ़ ब्लॉक के अंतिम छोर पर बसे गांवों के लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाजार आने-जाने नाव पर ही निर्भर हैं। बुधवार को ग्रामीण बाजार से खरीदारी कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नदी के बीच पहुंचते ही नाव असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की तत्परता से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चार लोग नदी के तेज बहाव में बह गए। शाम का समय होने के कारण तत्काल रेस्क्यू में कठिनाइयां आईं।
प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू
भैरमगढ़ एसडीएम प्रकाश सर्वे ने बताया कि नाव पलटने और लोगों के लापता होने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया। आसपास के ग्रामीणों की भी मदद ली जा रही है। अंधेरा होने के कारण देर रात तक सीमित सफलता मिली, जबकि गुरुवार सुबह से सर्च ऑपरेशन दोबारा तेज किया जाएगा।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
इंद्रावती नदी में नाव पलटने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। अगस्त 2025 में बेलनार से भैरमगढ़ जाते समय नाव पलटने से एक साल का बच्चा और चार महिलाएं बह गई थीं। वर्ष 2022 में नाव पलटने से मेडिकल टीम के एक फार्मासिस्ट की डूबने से मौत हुई थी। वहीं 2018 में नाव हादसे में 10 लोग बह गए थे, जिनमें एक महिला और एक बच्चा लापता हुए थे।
स्थायी समाधान नहीं निकल पाया
स्थानीय लोगों का कहना है कि नावों में क्षमता से अधिक सवारी, नदी का तेज बहाव और वैकल्पिक परिवहन साधनों की कमी हादसों के मुख्य कारण हैं। कई गांवों के लिए नाव ही नदी पार करने का एकमात्र साधन है, जिससे जोखिम बना रहता है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है, जो प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है।