Jabalpur Murder Case : जबलपुर : जबलपुर में दोस्ती और इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां महज 500 रुपए के विवाद में तीन दोस्तों ने मिलकर एक ऑटो चालक की बेरहमी से हत्या कर दी। गोहलपुर थाना अंतर्गत अंतरराज्यीय बस स्टैंड के रैन बसेरा के पास कल एक युवक की खून से सनी लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस की तफ्तीश में खुलासा हुआ है कि मृतक आकाश उर्फ अक्कू की हत्या उसके ही साथियों ने सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि वह शराब के लिए दिए गए पैसे वापस नहीं कर पाया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी देवेंद्र झारिया, हिमांशु सोनी और आकाश उर्फ अंधरा ने मृतक को शराब लाने के लिए 500 रुपए दिए थे। जब आकाश शराब लेकर नहीं लौटा और पैसे भी वापस नहीं किए, तो विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने आव देखा न ताव और पत्थर से सिर कुचलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।