बिलासपुर में कार साइड देने के मामूली विवाद ने बुधवार रात खूनी रूप ले लिया। कोनी थाना क्षेत्र में कुछ बदमाशों ने एक युवक पर हॉकी स्टीक, बेल्ट और चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि घायल युवक को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, कोनी निवासी सुरेश कुमार साहू गैरेज चलाता है। 29 जुलाई की रात वह अपनी कार से पटेल हॉस्टल में अपने दोस्त हर्ष यादव से मिलने गया था। हर्ष, मनेंद्रगढ़ का रहने वाला और गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी में बीए का छात्र है। सुरेश जब हॉस्टल पहुंचा तो कार मोड़ते समय वहां खड़े कुछ युवकों ने उससे गाली-गलौज की। सुरेश ने मामले को शांत करने की कोशिश की और अपने दोस्त के पास चला गया।
कुछ देर बाद जब सुरेश हॉस्टल से लौट रहा था, तभी विकास, किशन, कल्ले और उनके साथी बाइक पर आए और उसे घेर लिया। बदमाशों ने बेल्ट, डंडा और हॉकी स्टीक से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से वार कर दिया, जिससे सुरेश खून से लथपथ हो गया। हमलावरों ने सुरेश की कार में भी तोड़फोड़ की और फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। हर्ष यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि मामूली विवाद भी हिंसा में बदल सकता है, अगर समय रहते स्थिति को संभाला न जाए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।