रमेश गुप्ता दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिना अनुमति प्रदर्शन कर मार्ग अवरुद्ध करने एवं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के प्रकरण में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। प्रकरण में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 दिसंबर 2025 को पटेल चौक स्थित बीएसएनएल ऑफिस के सामने कुछ व्यक्तियों द्वारा जमीन रजिस्ट्री की बढ़ी हुई दरों के विरोध में बिना पूर्व अनुमति मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया गया था। मौके पर मौजूद पुलिस बल द्वारा समझाइश दी गई, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उग्र रूप धारण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई की और आवागमन बाधित कर दिया।
घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर सहित आरक्षक केशव कुमार, तुषार सलामे, अजय साहू एवं हिमांशु जंघेल को चोटें आई थीं। मामले में थाना सिटी कोतवाली, दुर्ग में धारा 221, 126(2), 191(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
विवेचना के दौरान शुभम सिंह राजपूत (24 वर्ष) एवं गीतेश कुमार ठाकुर (27 वर्ष) को उच्च न्यायालय से जमानत प्राप्त होने के उपरांत विधिवत गिरफ्तार किया गया। सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर उन्हें जमानत मुचलका पर रिहा किया गया है।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों में अनिल वासनिक, विक्की चंद्राकर, दिनेश पाण्डेय, राकेश यादव, जितेन्द्र बत्रा एवं मनोज राजपूत शामिल हैं। वहीं यशवंत सिंह राजपूत एवं ओमप्रकाश कोटवानी सहित अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के प्रदर्शन या सभा के लिए विधिसम्मत अनुमति आवश्यक है। कानून हाथ में लेने, शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बिना अनुमति मार्ग जाम कर शासकीय कार्य में बाधा, दो और आरोपी गिरफ्तारअब तक कुल 8 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

12
Feb