छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की और उन्हें छत्तीसगढ़ आने का औपचारिक न्योता दिया। मुलाकात के बाद रायपुर लौटे किरण सिंहदेव ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए राज्य में भाजपा सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराया।

कांग्रेस विधायकों की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर जारी भाजपा के पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए किरण सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास अपराधियों के साथ खड़े रहने का रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “यह छत्तीसगढ़ महतारी का प्रदेश है। यहां भ्रष्टाचार, गड़बड़ी और घोटालों के लिए कोई जगह नहीं है। जो भी गलत करेगा, उसे तत्काल परिणाम भुगतने होंगे।”
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में सख्त कार्रवाई
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी सख्ती के साथ काम कर रही है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार में किसी भी तरह की अनियमितता या भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी दल से जुड़ा हो।
दिल्ली दौरे में संगठनात्मक चर्चा
दिल्ली प्रवास के दौरान हुई मुलाकात को लेकर किरण सिंहदेव ने बताया कि नितिन नबीन से संगठनात्मक विषयों और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी के रूप में नितिन नबीन का मार्गदर्शन विधानसभा, लोकसभा, नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में लगातार मिलता रहा है, जिससे पार्टी को मजबूती मिली है।
छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण
किरण सिंहदेव ने बताया कि नितिन नबीन को उनकी नई और बड़ी जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं और साथ ही छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण भी सौंपा गया। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और संगठन आगामी चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार है।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को भाजपा के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है, वहीं कांग्रेस पर बढ़ते हमलों से प्रदेश की राजनीति और अधिक गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।