रायपुर। भाजपा सांसद व पार्टी के मुख्य प्रवक्ता संतोष पाण्डेय ने रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस समय भय का माहौल बना हुआ है और वहां लोकतंत्र सुरक्षित नहीं है।
संतोष पाण्डेय ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में एक महिला पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को संरक्षण दे रही है, जिससे देश की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है।

भाजपा सांसद ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार भारत के नागरिकों के संसाधनों को खत्म कर रही है और वोट बैंक की राजनीति के लिए संवैधानिक ढांचे को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में फर्जी नाम शामिल हैं और टीएमसी इन्हीं फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है।
संतोष पाण्डेय ने कहा कि दमनकारी नीतियों के खिलाफ भाजपा आज मजबूती से खड़ी है और पार्टी इस मुद्दे को जनता के सामने उजागर कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा ऐसे शासन के खिलाफ चुप बैठने वाली नहीं है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अशोक दास मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए टीएमसी नेताओं पर कड़ी कार्रवाई की भी मांग की। उन्होंने कहा कि ममता सरकार के लिए देश की सुरक्षा कोई महत्व नहीं रखती, जबकि भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है।