खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में सूदखोरी के दलदल ने एक और जान ले ली। भाजपा नेता जितेंद्र चौधरी उर्फ जीतू ने कांग्रेस के पूर्व पार्षद गणेश सकरगाये के घर जाकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले दिए बयान में जीतू ने कांग्रेस नेता पर 50 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर प्रताड़ित करने और घर बिकवाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना मंगलवार सुबह की है, जब जीतू बड़गांव भीला रोड स्थित पूर्व पार्षद के घर हिसाब करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वहां विवाद और धमकी के बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मोघट पुलिस अब मृत्यु पूर्व दिए गए बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।