पैरोल पर बाहर आए बीजेपी पार्षद की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, इलाके में तनाव

दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कोतवाली थाना क्षेत्र के सेवड़ा चुंगी के पास बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। हमलावरों ने पार्षद पर उस समय ताबड़तोड़ फायरिंग की जब वे क्षेत्र में मौजूद थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही शहर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व मृतक के परिजन मौके पर जमा हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। गौरतलब है कि मृतक कल्लू कुशवाहा का पिछला रिकॉर्ड भी आपराधिक रहा है। उन्हें हत्या के एक पुराने मामले में न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी और वे महज कुछ दिन पहले ही जेल से पैरोल पर बाहर आए थे।

फिलहाल, पुलिस ने हमलावरों की तलाश तेज कर दी है, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। वारदात के बाद से परिजनों में भारी आक्रोश है और एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आपसी रंजिश का मामला मानकर चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *