जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पड़निया में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां सड़क किनारे खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक की पेट्रोल टंकी फटने के बाद बाइक धू-धू कर जलने लगी, जबकि पास में ही चालक गहरी नींद में सोते हुए नजर आया। यह घटना सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के ग्राम पड़निया में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक चालक मनीराम यादव अपने गृहग्राम पड़निया लौट रहा था। अत्यधिक शराब सेवन के कारण उसने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की और वहीं सो गया। उसी दौरान बाइक में आग लग गई। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, यह संभव है कि आग अपने आप लगी हो, या फिर कोई और कारण हो।
आग लगने की सूचना मिलते ही गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।