बिलासपुर: बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर पुलिस का शिकंजा, पेट्रोल पंपों पर ईंधन देने पर लगाई रोक

बिलासपुर। जिले में बिना नंबर प्लेट या छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट वाले वाहनों का उपयोग कर अपराध और दुर्घटनाओं को अंजाम देने वालों पर लगाम लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने सख्त मुहिम शुरू की है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अब जिले के किसी भी पेट्रोल या डीजल पंप पर बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को ईंधन नहीं दिया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने सभी पंप संचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि यदि कोई संदिग्ध वाहन ईंधन लेने आता है, तो उसे सेवा देने से मना कर दें। साथ ही, ऐसे वाहनों की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479193099 पर देने को कहा गया है। यह निर्णय इसलिए लिया गया है क्योंकि हाल के दिनों में कई आपराधिक वारदातों और सड़क दुर्घटनाओं में ऐसी गाड़ियों का इस्तेमाल सामने आया है, जिनकी पहचान छिपाना आसान होता है।

पुलिस के अनुसार, इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों पर अब सीधे न्यायालय में चालान पेश किया जा रहा है। पुलिस थानों और चौकियों के प्रभारियों को भी ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि कैमरों से बचने के लिए कई वाहन चालक जानबूझकर नंबर प्लेट हटा देते हैं, जिससे अपराध के बाद उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इसी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। जल्द ही पुलिस प्रशासन पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर इस निर्देश को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने की रणनीति बनाएगा।

यदि किसी पेट्रोल पंप संचालक द्वारा इन निर्देशों की अनदेखी की जाती है, तो उनके खिलाफ भी प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग अब फ्यूल स्टेशनों पर निगरानी के लिए नई व्यवस्था तैयार कर रहा है ताकि संदिग्ध वाहनों की पहचान की जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *