बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच पैसे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी पति ने पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद पति ने खुद को भी चाकू मार लिया। दोनों को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़िता की मां मंगली बाई ने बताया कि शनिवार शाम करीब एक हजार रुपये चोरी होने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। पत्नी ने पति पर पैसे चुराने का आरोप लगाया। रविवार सुबह करीब 10 बजे फिर कहासुनी हुई, जो झगड़े में बदल गई। आरोपी पति ने आपा खोकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई। इसके बाद पति ने खुद को भी घायल कर लिया।
परिजनों और पड़ोसियों की मदद से दोनों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर है।
मंगली बाई ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और सभी भीख मांगकर गुजारा करते हैं। दंपती के चार छोटे बच्चे हैं, जो घटना से सदमे में हैं।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे घरेलू विवाद का मामला बताया है। घायलों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।