बिलासपुर। शहर में ऑनलाइन ठगी का एक नया और गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक को फर्जी ट्रैफिक चालान भेजकर उसके खाते से 4 लाख 11 हजार 777 रुपये उड़ा लिए गए। सिरगिट्टी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तिफरा के यदुनंदन नगर निवासी मनीष कुमार सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 2 फरवरी 2026 की सुबह उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। इस मैसेज में लिखा था कि उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल जंप किया है, जिसके लिए उन पर 2 हजार रुपये का चालान काटा गया है। मैसेज के साथ एक लिंक और एपीके फाइल भेजी गई थी। मनीष ने जैसे ही उस फाइल पर क्लिक किया, उनके फोन में एक ऐप इंस्टॉल हो गया। हालांकि ऐप खोलने पर उसमें कुछ भी दिखाई नहीं दिया।
अगले दिन 3 फरवरी की शाम को मनीष के मोबाइल पर बैंक से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। उनके पंजाब नेशनल बैंक की लिंगियाडीह शाखा के खाते से आठ अलग-अलग किस्तों में कुल 4 लाख 11 हजार 777 रुपये निकाल लिए गए। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत साइबर सेल में इसकी शिकायत की। सिरगिट्टी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है कि वे किसी भी अनजान लिंक या फाइल को डाउनलोड न करें।