बिलासपुर कलेक्टर सख्त : VSK पोर्टल पर पंजीयन नहीं तो रुकेगा शिक्षकों का वेतन, जानें डेडलाइन डेट

बिलासपुर, 21 जनवरी 2026: बिलासपुर जिले के शिक्षकों के लिए एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। अगर आपने अब तक ‘विद्या समीक्षा केंद्र’ (VSK) पोर्टल पर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं किया है, तो इस महीने आपके बैंक खाते में सैलरी नहीं आएगी। कलेक्टर संजय अग्रवाल की नाराजगी के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (BEO) को कड़े निर्देश जारी कर दिए हैं।

क्यों मची है शिक्षकों में खलबली?

दरअसल, राज्य शासन के निर्देशानुसार अब सभी सरकारी स्कूलों के शिक्षकों, प्रधान पाठकों और प्राचार्यों की उपस्थिति ऑनलाइन तरीके से VSK पोर्टल के माध्यम से ही दर्ज होनी है। बार-बार आदेश दिए जाने के बावजूद बिलासपुर जिले में रजिस्ट्रेशन की रफ्तार बहुत धीमी है। इसी सुस्ती को देखते हुए प्रशासन ने अब ‘नो रजिस्ट्रेशन, नो सैलरी’ का सख्त रुख अपनाया है।

27 जनवरी तक का मिला अल्टीमेटम

DEO विजय तांडे ने पत्र में साफ कर दिया है कि 27 जनवरी 2026 तक हर हाल में 100% शिक्षकों का पोर्टल पर पंजीयन हो जाना चाहिए। साथ ही छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति और ‘अपार’ (APAAR) आईडी बनाने का काम भी पूरा करना अनिवार्य है। जो शिक्षक या स्कूल इस डेडलाइन को मिस करेंगे, उनका इस महीने का वेतन आहरण नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों पर भी गिरेगी गाज

सिर्फ शिक्षक ही नहीं, बल्कि काम में ढिलाई बरतने वाले बीईओ (BEO) पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गई है। डीईओ ने स्पष्ट किया है कि अगर निर्धारित समय तक लक्ष्य पूरा नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

मुख्य सचिव करेंगे समीक्षा

प्रशासन की इस जल्दबाजी के पीछे एक बड़ी वजह 2 फरवरी 2026 को होने वाली कलेक्टर कॉन्फ्रेंस है। इस बैठक में प्रदेश के मुख्य सचिव खुद VSK पोर्टल और ऑनलाइन उपस्थिति की समीक्षा करेंगे। मुख्य सचिव के सामने जवाबदेही से बचने के लिए जिला प्रशासन अब पूरी मुस्तैदी के साथ इस काम को पूरा करवाने में जुट गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *