Bilaspur Belgahana Road Accident : अमरकंटक जा रहे श्रद्धालुओं की कार पेड़ से टकराई; 2 की मौत, 3 जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे

Bilaspur Belgahana Road Accident : बिलासपुर: आस्था के सफर पर निकले श्रद्धालुओं के लिए शनिवार की सुबह काल बनकर आई। राजधानी रायपुर से पूर्णिमा स्नान के लिए अमरकंटक जा रहे पांच मित्रों की तेज रफ्तार कार बिलासपुर के बेलगहना चौकी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर एक विशाल पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज सिम्स (CIMS) अस्पताल में जारी है।

Bilaspur Belgahana Road Accident : भसको ग्राम के पास अनियंत्रित हुई रफ्तार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के खम्हारडीह (कचना) और दलदल सिवनी इलाके के रहने वाले पांच दोस्त पूर्णिमा के पावन अवसर पर नर्मदा स्नान के लिए कार से अमरकंटक की यात्रा पर थे। सुबह करीब 9:00 बजे जैसे ही उनकी कार बेलगहना क्षेत्र के ग्राम भसको के पास पहुंची, चालक निलेश्वर धीवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार कार सड़क से उतरकर सीधे पेड़ में जा घुसी।

2 घंटे की मशक्कत: कार को काटकर निकाला गया शव
हादसे का मंजर इतना भयावह था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया था। अगली सीट पर बैठे रामकुमार धीवर (45) और राजकुमार साहू कार के मलबे में बुरी तरह फंस गए थे। बेलगहना पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार के हिस्सों को काटकर शवों को बाहर निकाला। रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि राजकुमार साहू ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

घायलों की स्थिति नाजुक, पैर काटकर फंसे थे चालक के
हादसे में कार चला रहे निलेश्वर धीवर (38) के दोनों पैर कार के स्टेयरिंग और इंजन के बीच बुरी तरह दबकर टूट गए थे। उनके अलावा सुखसागर मानिकपुरी (39) और अमित चंद्रवंशी (39) को भी गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

परिजनों में मचा कोहराम
सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन रायपुर से रतनपुर पहुंचे, जहाँ शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पूर्णिमा के दिन जो परिवार खुशियों के साथ विदा हुआ था, वहां अब मातम पसरा है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक को झपकी आना माना जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *