बिलासपुर एयरपोर्ट को ऑल वेदर ऑपरेशन की मंजूरी, अब हर मौसम में उड़ान संभव


रायपुर। भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C-VFR श्रेणी से अपग्रेड कर 3C ऑल वेदर ऑपरेशंस (आईएफआर) श्रेणी में शामिल करने की स्वीकृति दे दी है। इस फैसले से अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर सभी मौसमों में विमानों का संचालन संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय को छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को सुरक्षित व सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन की सुविधा मिलने से बिलासपुर और आसपास के इलाकों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है, जो राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह निर्णय बिलासपुर एयरपोर्ट सहित पूरे प्रदेश के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक मजबूत बनाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *