रायपुर। राजधानी रायपुर के समीप स्थित अभनपुर के गोबरा नवापारा में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चंपारण चौक के पास रेत से भरे एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद बाइक सवार हाईवा के नीचे फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाईवा चालक ने वाहन को रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया, जिससे मृतक करीब 200 फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया। इस हृदयविदारक घटना में व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार हाईवा चालक की तलाश के साथ ही मृतक की शिनाख्त की कार्रवाई की जा रही है।