
बीजापुर। नए बस स्टैंड के पीछे जिला प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में आज बीजापुर विधायक ने नगर के सात वार्डों का दौरा किया। इस दौरान तोड़े गए मकानों से प्रभावित परिवारों के साथ तहसील कार्यालय का घेराव किया गया। विधायक और प्रदर्शनकारी जमीन पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और “तानाशाही नहीं चलेगी”, “जिला प्रशासन होश में आओ” जैसे नारे लगाए।
विधायक ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर परिवारों से मुलाकात की और प्रशासन की कार्रवाई को अमानवीय व जनविरोधी बताया। उन्होंने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के लोगों के आशियाने तोड़ना संवेदनहीनता का परिचायक है।

प्रदर्शनकारियों की चार सूत्रीय मांगें:
- तोड़े गए मकानों का उचित मुआवजा तुरंत दिया जाए।
- प्रभावित परिवारों को पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएँ।
- बेघर हुए परिवारों को स्थायी रूप से पुनः बसाया जाए।
- भविष्य में अतिक्रमण के नाम पर किसी के घर को न तोड़ा जाए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान तहसील कार्यालय के आसपास भारी संख्या में ग्रामीण जुटे रहे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अमला और पुलिस बल भी तैनात रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।