नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच हुए नए व्यापार समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगाए जाने वाले टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। इसकी जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी।
ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना करीबी मित्र बताते हुए कहा कि दोनों नेताओं के बीच फोन पर व्यापार, रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी एक मजबूत और सम्मानित नेता हैं और उनके साथ बातचीत करना उनके लिए सम्मान की बात रही।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि भारत ने रूस से तेल की खरीद बंद कर दी है और अब अमेरिका तथा संभवतः वेनेजुएला से अधिक ऊर्जा संसाधन खरीदेगा। ट्रंप के अनुसार इससे यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में मदद मिलेगी।
भारत भी अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ घटाने की दिशा में कदम उठाएगा। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की ओर से रेसिप्रोकल टैरिफ में कटौती मोदी के अनुरोध पर की गई है और बदले में भारत अमेरिकी वस्तुओं पर अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को शून्य करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से अधिक की ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। ट्रंप ने कहा कि भारत के साथ अमेरिका के रिश्ते आने वाले समय में और मजबूत होंगे और दोनों देश मिलकर बड़े फैसले लेने की क्षमता रखते हैं।