बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता: 14 माओवादी न्यूट्रलाइज, मुख्यमंत्री साय ने सुरक्षा बलों को दी बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विश्वास, विकास और सुरक्षा ही बस्तर की नई दिशा है तथा अब हिंसा नहीं, शांति ही एकमात्र विकल्प बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर रेंज के बीजापुर और सुकमा जिलों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान में निर्णायक सफलता मिली है, जिसमें 14 माओवादियों को न्यूट्रलाइज किया गया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की सटीक रणनीति, सतत दबाव और मजबूत जमीनी पकड़ के कारण माओवादी नेटवर्क तेजी से कमजोर हो रहा है। बस्तर अब विकास, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार के नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है।

यह परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व, सुरक्षा बलों की अदम्य वीरता एवं प्रतिबद्धता, संवेदनशील पुनर्वास नीति तथा बस्तर की जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों के शौर्य को नमन करते हुए अभियान में शामिल सभी जवानों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जो लोग अब भी हिंसा का रास्ता चुन रहे हैं, वे आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ें तथा सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाते हुए सम्मानपूर्वक जीवनयापन करें। अन्यथा राज्य शासन और सुरक्षा बल कानून एवं संविधान के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए पूरी तरह सक्षम और प्रतिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की अंधेरी रात अब अपने अंतिम चरण में है तथा बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का स्थायी सूर्योदय सुनिश्चित है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *