सरायपाली। सरायपाली क्षेत्र में अवैध धान की खरीदी-बिक्री और तस्करी करने वाले कोचियों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही की है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश और एसडीएम अनुपमा आनंद के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग ने 14 बड़े कोचियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। इसमें से एक आरोपी सोनू अग्रवाल के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है, जबकि शेष 13 कोचियों के मामले एसडीएम न्यायालय में लंबित हैं।
इन 14 कोचियों पर गिरी प्रशासन की गाज
जांच के दौरान अवैध धान कारोबार में संलिप्त जिन कोचियों पर कार्यवाही की गई है, उनके नाम और ग्राम इस प्रकार हैं:
- सोनू अग्रवाल (सरायपाली) – FIR दर्ज
- विद्या मिरी (सिंघोड़ा)
- संतोष गुप्ता (चारभांठा)
- गोपाल साहू (चिवराकुटा)
- दीपक साहू (कोईलबहाल)
- प्रभात मांझी (कोकड़ी)
- शेखर नायक (चारभांठा)
- भरत पटेल (सिंगबहाल)
- नवींन बारिक (मौलिखार)
- अलेख भाई (सिरपुर)
- दीपक अग्रवाल (बलौदा)
- सुरेश साहू (जोगनीपाली)
- प्रकाश अग्रवाल (सालर, तहसील सारंगढ़)
- महादेव तंवर (सागरपाली)
BNS की धाराओं के तहत नोटिस और कोर्ट में पेशी
प्रशासन ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126 एवं 135(3) के अंतर्गत सभी आरोपियों को नोटिस जारी किया था। सोनू अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद अन्य 13 कोचियों के विरुद्ध अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) के न्यायालय में सुनवाई चल रही है। प्रशासन ने इस सूची को एसडीओपी सरायपाली को भी अग्रिम दंडात्मक कार्यवाही हेतु भेज दिया है।
अवैध कारोबारियों में हड़कंप, पहले भी हो चुकी है जेल
एसडीएम अनुपमा आनंद ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि धान के अवैध परिवहन, भंडारण और खरीदी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे पहले भी सिंगबहाल धान उपार्जन केंद्र प्रभारी बुद्धिवंत प्रधान, राइस मिलर्स और व्यापारियों (हेमंत साहू, गिरिजाशंकर भोई व आशीष अग्रवाल) के खिलाफ कलेक्टर के निर्देश पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। प्रशासन की इस सक्रियता से सरायपाली क्षेत्र के कोचियों और बिचौलियों में हड़कंप मचा हुआ है।