रायपुर। राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीसीयू और मौदहापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बीते 24 घंटों के भीतर अलग-अलग घटनाओं में शामिल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ गैर जमानतीय धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
शहर में चाकूबाजी, पत्थरबाजी और हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए यह कार्रवाई की गई है। पहली घटना मौदहापारा क्षेत्र के तालाब पार बीटीएस चौक की है, जहां पुरानी रंजिश में चाकू से हमला कर दो लोगों को घायल करने वाले चार आरोपियों रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, अभय रक्सेल और लोकेश रक्सेल को पकड़ा गया है।
दूसरी घटना मरही माता मंदिर क्षेत्र की है, जहां समूह बनाकर पत्थरबाजी करने और इलाके में दहशत फैलाने के आरोप में पुलिस ने आमिर अहमद, मोहम्मद अनस खान, मोहम्मद मुशीर खान, अब्दुल समीर, मोहम्मद फाजिल और शेख सिकंदर को गिरफ्तार किया है। वहीं तीसरी घटना डेंटल कॉलेज चौक के पास की है, जहां सड़क पर तलवार लहराकर लोगों को डराने वाले तीन युवकों लोकेश रक्सेल, मयंक सोनी और पिंटू ठाकुर को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दर्जन भर चाकू, तलवार और अन्य धारदार हथियार बरामद किए हैं। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराने और मारपीट जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर अभियान जारी रहेगा।