धमतरी। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार से गांजा तस्करी कर रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50.94 किलोग्राम गांजा, 2 लाख रुपये नकद, एक लग्जरी कार और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त किए गए कुल मशरूका की कीमत लगभग 32,67,000 रुपये आंकी गई है।
जानकारी के मुताबिक, 14 फरवरी को साइबर यूनिट की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक संदिग्ध कार खड़ी है। वाहन में सवार दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखे हुए हैं और बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला और उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की घेराबंदी की। कार में सवार व्यक्तियों ने अपनी पहचान हृषिकेश उर्फ ऋषि सरोज और हिमांशु दामले के रूप में बताई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग पैकेटों में भरा हुआ गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।