बिलासपुर में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा बेचती दो सगी बहनें गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सरकंडा थाना क्षेत्र और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो सगी बहनों को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाएं नाम बदलकर अलग-अलग इलाकों में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रही थीं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 किलो गांजा, लगभग 6 लाख रुपये नगद, दो स्कूटी और एक कार बरामद की है। जब्त किए गए सामान और नकदी की कुल कीमत 15.78 लाख रुपये आंकी गई है। पकड़ी गई आरोपियों की पहचान मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से मस्तूरी क्षेत्र की रहने वाली हैं और वर्तमान में सरकंडा के पाटलीपुत्र नगर एवं राजकिशोर नगर में सक्रिय थीं।

पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी महिलाएं गांजा बिक्री से मिले पैसों का उपयोग वाहन खरीदने और तस्करी के काम में कर रही थीं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इन दोनों के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *