EMI भरने वालों के लिए बड़ी खबर: RBI गवर्नर ने सुनाया वह फैसला जिसका सबको डर था, क्या महंगी होगी आपकी किश्त?

मुंबई। देश के करोड़ों लोन धारकों के लिए आज राहत की खबर आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक के बाद गवर्नर संजय मल्होत्रा ने ऐलान किया कि रेपो रेट को 5.25% पर ही बरकरार रखा जाएगा। इसका सीधा मतलब यह है कि आपके होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन की EMI फिलहाल नहीं बढ़ेगी।

गवर्नर का भरोसा: ‘ऑल इज वेल’ गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार सुबह जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय अर्थव्यवस्था तमाम वैश्विक चुनौतियों के बावजूद मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई अब पूरी तरह नियंत्रण में है और विकास की रफ्तार (Growth Rate) बेहतर नजर आ रही है। इसी सकारात्मक माहौल को देखते हुए फिलहाल ब्याज दरों में कोई छेड़छाड़ नहीं करने का फैसला लिया गया है।

महंगाई से बड़ी राहत आम आदमी के लिए सुकून वाली बात यह है कि चालू वित्त वर्ष में महंगाई दर के 2.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है। आरबीआई का लक्ष्य महंगाई को 2% से 4% के दायरे में रखना होता है, और मौजूदा आंकड़े इस लक्ष्य के भीतर ही हैं। हालांकि, अगले वित्त वर्ष (2026-27) की पहली छमाही में इसके 4% के आसपास रहने की उम्मीद जताई गई है।

7% की रफ्तार से दौड़ेगी इकोनॉमी भारतीय रिजर्व बैंक ने देश की आर्थिक सेहत पर भी भरोसा जताया है। आरबीआई के अनुमान के मुताबिक:

अप्रैल-जून 2026: देश की ग्रोथ रेट 6.9% रहने की उम्मीद है।

जुलाई-सितंबर 2026: विकास दर 7% की रफ्तार पकड़ लेगी।

गवर्नर के इस फैसले से बाजार में खुशी का माहौल है, क्योंकि इससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा और कंपनियों को भी व्यापार विस्तार के लिए स्थिर ब्याज दरों का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *