सुकमा: केंद्र सरकार द्वारा देश से नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए तय की गई 31 मार्च 2026 की समयसीमा से ठीक दो दिन पहले सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के गट्टापाड़ क्षेत्र में रविवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक नक्सली के मारे जाने की खबर है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई फायरिंग जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को गट्टापाड़ इलाके के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर जवानों की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। आज सुबह जब सुरक्षा बल के जवान जंगल के भीतर पहुंचे, तभी नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद नक्सली घने जंगल की आड़ लेकर भाग निकले।
एसपी खुद कर रहे मॉनिटरिंग मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है और सर्च ऑपरेशन को और अधिक तेज कर दिया गया है। इस पूरे ऑपरेशन की पल-पल की मॉनिटरिंग सुकमा एसपी किरण चव्हाण खुद कर रहे हैं। माना जा रहा है कि सुरक्षा बल जल्द ही इस मुठभेड़ और बरामद सामानों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 31 मार्च 2026 तक देश को पूरी तरह नक्सल मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। इस समयसीमा के नजदीक आते ही बस्तर संभाग के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की सक्रियता और ऑपरेशन्स में तेजी देखी जा रही है।